आदिम जाति सेवा सहकारी समिति अभनपुर की वार्षिक आमसभा सम्पन्न
2024-25 का आय-व्यय प्रस्तुत, 2025-26 की नई योजनाओं पर बनी सहमति – किसानों की भारी उपस्थिति से गूंजा सभागार कांकेर!आदिम जाति सेवा सहकारी समिति अभनपुर की वार्षिक आमसभा बड़े उत्साह और गरिमामयी माहौल में सम्पन्न हुई। समिति कार्यालय परिसर में आयोजित इस बैठक में आसपास के गांवों से आए किसानों और सदस्यों की भारी भीड़ उमड़ी। बैठक का मुख्य आकर्षण समिति के वार्षिक आय-व्यय का विवरण और आगामी वर्ष की योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा रही। कार्यक्रम की शुरुआत में समिति प्रबंधक जे.आर. मंडावी ने 2024-25 के आय-व्यय का पूरा ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि समिति ने किस तरह किसानों तक खाद, बीज और ऋण की सुविधाएं पहुंचाई और किस प्रकार खर्चों तथा आय का संतुलन बनाए रखा। इसके साथ ही उन्होंने 2025-26 के लिए नई योजनाओं का खाका पेश किया। उन्होंने कहा – “आगामी वर्ष में समिति का मुख्य लक्ष्य किसानों को समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना और आधुनिक कृषि तकनीक से उन्हें जोड़ना रहेगा।” सभा में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य भाऊ राम भास्कर उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा – “सहकारी समितियां गांव और किसानों के लिए रीढ़ की हड्डी हैं। किसानों की तरक्की से ही समाज की मजबूती तय होती है। हमें समिति को और पारदर्शी एवं मजबूत बनाना होगा।” आमसभा की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष मनु राम भास्कर ने की। उन्होंने किसानों को समिति की गतिविधियों से जुड़े रहने और एकजुट होकर कार्य करने की अपील की। इस अवसर पर मंच पर विशिष्ट अतिथि के रूप में फुलचंद कुंजाम, उपसु कुंजाम, राकेश वट्टी, धनसाय कुंजाम, महाजन टेकाम, राजाराम नेताम, जल सिंह कोराम, धर्म सिंह मंडावी, जी.एस. नेताम, सुखदेव नेताम और सुबेसिंह कुंजाम मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने समिति की कार्यप्रणाली की सराहना की और किसानों के हित में आगे और काम करने की बात कही। सभा में रामदेव मरकाम, राविशंकर कोराम, अमित नायक, श्रवण समेत अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे। किसानों ने इस मौके पर अपनी समस्याएं और सुझाव भी रखे। खाद-बीज की समय पर उपलब्धता, सिंचाई की व्यवस्था, ऋण वितरण की प्रक्रिया और मंडी में उपज का उचित मूल्य जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। किसानों ने समिति की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि समय पर बीज और खाद मिलने से खेती-किसानी में काफी सहयोग मिला है। एक किसान ने कहा – “समिति के कारण हमें बाजार में महंगे दाम पर खाद-बीज खरीदने से राहत मिली है, जिससे खेती की लागत कम हुई है।” आमसभा में यह निर्णय लिया गया कि आने वाले वर्ष में किसानों के लिए जागरूकता शिविर और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, फसल विविधिकरण और आधुनिक तकनीक के प्रयोग को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। सभा के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया और किसानों ने एक स्वर में समिति को मजबूत बनाने और साथ मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?







