बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मधुबनी में पुलिस महकमा अलर्ट, डीआईजी ने की समीक्षा बैठक।
शिव कुमार पासवान (रिपोर्टर) टॉप टीम समाचार पत्र। आगामी 11 नवंबर 2025 को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्कता बरत रहा है। इसी क्रम में कल देर शाम शुक्रवार को मिथिला क्षेत्र दरभंगा के पुलिस उप-महानिरीक्षक डॉ. स्वप्ना ने मधुबनी पुलिस केंद्र कार्यालय का दौरा किया। इस अवसर पर उनके साथ मधुबनी पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार सहित जिले के तमाम वरीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने चुनाव से संबंधित सभी कार्य-पंजी, दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव शांति, निष्पक्षता और भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न हो, इसके लिए पुलिस बल को पूर्ण मुस्तैदी और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि मतदाताओं में विश्वास कायम रखने और क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की शांति बनाए रखने के लिए निरंतर गश्त, इंटेलिजेंस इनपुट्स पर सक्रिय कार्रवाई तथा समन्वित प्रयास जरूरी हैं। डीआईजी डॉ. स्वप्ना ने जिले के अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक थाना के अंतर्गत संभावित संवेदनशील बूथों की सूची तैयार की जाए और पूर्व से ही एहतियाती कदम उठाए जाएं। बताते चलें कि मिथिला क्षेत्र के डीआईजी के इस निरीक्षण को लेकर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रशासनिक तैयारियों का महत्त्वपूर्ण चरण माना जा रहा है, जिससे मधुबनी जिले में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
What's Your Reaction?







