कोरोना को लेकर राजस्थान में एक बार फिर अलर्ट:जैसलमेर में मिले दो नए मरीज, जीनोम सीक्वेसिंग के लिए सैंपल भेजा
*जयपुर* राजस्थान में एक बार फिर से कोरोना ने दस्तक दे दी है। इसी के साथ प्रदेश सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। केरल में नए वैरिएंट सामने आने के बाद अफसर हरकत में आए हैं। बुधवार को राजस्थान में भी संक्रमित मरीज सामने आए हैं। इसके बाद मरीजों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इधर, जैसलमेर में बुधवार को कोरोना के दो नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही मरीजों की हिस्ट्री को भी खंगाला जा रहा है। कोरोना के हालातों से निपटने के लिए प्रदेशभर में 26 दिसंबर को मॉक ड्रिल होगी। इसे लेकर राजस्थान हेल्थ डिपार्टमेंट की ACS शुभ्रा सिंह ने बुधवार को शासन सचिवालय में बैठक ली। ACS शुभ्रा सिंह ने बुधवार को बैठक लेकर मॉक ड्रिल और गाइडलाइन जारी करने को लेकर निर्देश दिए। ACS शुभ्रा सिंह ने बुधवार को बैठक लेकर मॉक ड्रिल और गाइडलाइन जारी करने को लेकर निर्देश दिए। घबराने की जरूरत नहीं मेडिकल एजुकेशन कमिश्नर शिवप्रसाद नकाते की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है। बैठक में उन्होंने बताया कि मेडिकल एक्सपर्ट के अनुसार कोविड का नया सब वैरिएंट सॉर्स कॉव-2 जेएन-1 खतरनाक नहीं है। इस सब वैरिएंट से पॉजिटिव हुए करीब 90 प्रतिशत रोगियों को अस्पताल में भर्ती किए जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। घर पर ही आइसोलेशन में रहते हुए सामान्य उपचार से इसके रोगी ठीक हो रहे हैं। इससे घबराने या भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा मेडिकल एजुकेशन कमिश्नर शिवप्रसाद नकाते ने बताया- प्रदेश के हॉस्पिटल में जांच और मेडिसिन समेत अन्य सुविधाओं की जांच के लिए 26 दिसंबर को मॉक ड्रिल होगी। इसमें सरकारी समेत प्राइवेट हॉस्पिटल में सैंपल टेस्ट, मेडिसिन, बेड और ऑक्सीजन आदि सुविधाओं की जांच की जाएगी। ताकि ग्राउंड पर तैयारियों का रियलटी चेक सामने आ सके। इसके साथ ही एसीएस ने सभी कलेक्टर को लेटर लिख भारत सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार गाइडलाइन जारी करने के भी निर्देश दिए हैं। बैठक में निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश माथुर ने जैसलमेर में मिले दो मरीजों के बारे में भी जानकारी देते हुए बताया कि मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। 470 सैंपल में से 2 पॉजिटिव बुधवार शाम को आई मेडिकल डिपार्टमेंट की रिपोर्ट के अनुसार, 470 मरीजों में कोविड की जांच की गई। इनमें दो केस जैसलमेर में सामने आए हैं। जैसलमेर स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ बीएल बुनकर ने बताया कि दो युवकों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की सूचना मिलने पर रैपिड एक्शन टीम को हमने मौके पर भेजा है। दोनों युवकों को क्वारेंटाइन किया गया है। दोनों मरीजों के सैंपल को जीनोम सीक्वेंस के लिए लैब भेजा गया है। सीएमएचओ बीएल बुनकर ने अपील किया कि कोरोना वायरस का एक बार फिर संक्रमण फैल रहा है। ऐसे में आम लोगों को और ज्यादा एहतियात बरतने की जरूरत है। एक बार फिर आम जनता को भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचना चाहिए।
What's Your Reaction?





