छुट्टी नहीं दी तो बीमार बच्चे को लेकर स्कूल पहुंची:बाद में जिला शिक्षा अधिकारी ने महिला टीचर को भेजा घर
भरतपुर राजस्थान सरकार की ओर से शुक्रवार को राजीव गांधी शहरी एवं ग्रामीण ओलिंपिक खेल प्रतियोगिता का आगाज भरतपुर के लोहागढ़ स्टेडियम में किया गया। स्कूल के बच्चों ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इस प्रतियोगिता में कई टीचर की ड्यूटी लगाई गई। इस दौरान वैर की रहने वाली PTI पूनम अपने बच्चों के साथ स्कूल के स्टूडेंट की टीम लेकर पहुंची। पूनम ने कहा- मेरा बेटा बीमार है। प्रिंसिपल से छुट्टी मांगी थी, लेकिन उन्होंने छुट्टी नहीं दी। इसलिए अपने बच्चे को साथ लेकर प्रतियोगिता में पहुंची हूं। PTI महिला टीचर पूनम ने बताया- मैं वैर के गांव ऊनापुर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय PTI टीचर के पद पर तैनात हूं। मेरा बच्चा बीमार है। अधिकारियों से छुट्टी मांगी थी, लेकिन छुट्टी नहीं मिली। मेरे बच्चे को सुबह से दो-तीन बार उल्टियां हो चुकी हैं। उसे अकेला नहीं छोड़ सकती थी। पति पुलिस में कांस्टेबल हैं, उनकी पोस्टिंग सवाई माधोपुर में है। घर पर कोई नहीं है, बच्चे को साथ लाना पड़ा। गर्मी और उमस ज्यादा होने के कारण अब बच्चे को परेशानी हो रही है। जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम सिंह कुंतल ने महिला टीचर से उनकी समस्या के बारे में पूछा और प्रतियोगिता से छुट्टी पर भेज दिया। जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम सिंह कुंतल ने बताया- राज्य सरकार की पहल के चलते राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलिंपिक खेल आयोजित हो रहे हैं। जहां तक PTI महिला टीचर के बच्चे की बीमार होने का सवाल है, तो महिला टीचर की छुट्टी मंजूर कर ली है।
What's Your Reaction?





