सीआईडी क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई : कोटा रेंज में टॉप 10 में शुमार 50 हजार रुपये ईनामी बदमाश पकड़ा
*जयपुर 7 अगस्त*। पुलिस मुख्यालय क्राइम ब्रांच की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई कर कोटा रेंज के मोस्ट वांटेड बदमाश गौरव मेहरा पुत्र चंद्रमोहन निवासी कुम्हारों का मोहल्ला लाडपुरा थाना कोतवाली कोटा को जयपुर में मालवीय नगर पुलिया के पास से डिटेन किया। जिसे अग्रिम कार्रवाई के लिए थाना कोतवाली कोटा को सौंपा गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आईजी रेंज द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध श्री दिनेश एमएन ने बताया कि आरोपी गौरव मेहरा के विरुद्ध कोटा रेंज के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। करीब डेढ़ महीने पहले आरोपी और उसके साथियों ने हरिजन बस्ती लाडपुरा निवासी युवक सावन उर्फ अनिल वाल्मिकी से 20 हजार रुपये मांगे। पैसे नहीं देने पर लोहे के पाइप से मारपीट की और बड़ा पत्थर उठाकर पीड़ित के दोनों पैर तोड़ दिये। एडीजी श्री एमएन ने बताया कि जानलेवा हमला के संबंध में थाना कोतवाली कोटा शहर में मुकदमा दर्ज किया गया। फरार बदमाश गौरव मेहरा और इसके भाई शुभम उर्फ देवेंद्र मेहरा की गिरफ्तारी के लिए रेंज आईजी द्वारा ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया। इसके बारे में कोटा शहर से अटैच हेड कांस्टेबल मदन लाल शर्मा को प्राप्त आसूचना क्राइम ब्रांच के एडिशनल एसपी नरोत्तम वर्मा व राजेश मलिक के सुपरविजन में विकसित कर पुख्ता की गई। श्री एमएन ने बताया कि इनामी बदमाश के जयपुर के मालवीय नगर इलाके में होने की सूचना पर आईजी प्रफुल्ल कुमार के मार्गदर्शन तथा उपनिरीक्षक सुभाष सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा सोमवार को मालवीय नगर पुलिया के पास खड़े इनामी बदमाश गौरव मेहरा को डिटेन किया गया। जिसे कोटा पहुंच थाना कोतवाली पुलिस को अग्रिम कार्रवाई के लिए सौंपा गया। आरोपी को थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया है। एडीजी ने बताया कि इस कार्रवाई में एसआई सुभाष सिंह, हेड कांस्टेबल मदन लाल शर्मा व कृष्ण गोपाल की विशेष भूमिका रही, वहीं कॉन्स्टेबल अरुण कुमार व श्रवण कुमार का तकनीकी योगदान रहा।
What's Your Reaction?





